कोटा ग्रामीण पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन रूट क्लियेरेंस के तहत अंतर्राज्यीय तस्करों पर शिकंजा कसा है। थाना मण्डाना पुलिस और जिला विशेष टीम की संयुक्त कार्रवाई में 30 किलो 760 ग्राम अवैध डोडा चूरा और 1 किलो 900 ग्राम अफीम बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 15 लाख रुपए आंकी गई है। कार्रवाई में पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है जबकि उसका साथी फरार हो गया। दोनों जोधपुर के रहने वाले हैं। ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर ने बताया कि 5 अप्रैल को मण्डाना क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान झालावाड़ की ओर से आ रही एक यूपी नंबर स्विफ्ट डिजायर कार को रोकने का प्रयास किया गया। चालक ने वाहन भगाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने पीछा कर कार को रुकवाया। इस दौरान एक आरोपी फरार हो गया, जबकि अनिल जाट को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। कार की तलाशी लेने पर उसमें दो कट्टों में भरा अवैध डोडा चूरा और अफीम बरामद हुई। आरोपी के पास किसी प्रकार का वैध लाइसेंस नहीं होने पर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। फरार आरोपी सूरजाराम जाट की तलाश जारी है। एसपी ने बताया कि अनिल जाट पुत्र भैया राम जाट जोधपुर जिले के सलोड़ी थाना राजीव गांधी नगर का रहने वाला है। जबकि सुरजा राम जाट पुत्र गुमनाराम जाट निवासी ढाढणिया थाना बालेसर जोधपुर का रहने वाला है।