कोटा शहर के कोचिंग क्षेत्रों में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने मंगलवार रात को दो थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। जवाहर नगर और बोरखेड़ा थाना पुलिस ने रूट मार्च कर संदिग्धों की जांच की। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले ड्राइवरों और सार्वजनिक स्थानों पर उत्पात मचाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस एसपी तेजस्विनी गौतम के निर्देश पर जवाहर नगर थाना क्षेत्र में राजीव गांधी नगर, इंद्रा विहार, जवाहर नगर, डिस्ट्रिक्ट सेंटर और तलवंडी चौराहे पर संयुक्त रूट मार्च निकाला गया। मनीष शर्मा आरपीएस के निर्देशन में थानाधिकारी मुकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस, आरएसी और कमांडो टीम ने कार्रवाई की। इस दौरान संदिग्धों के जमावड़े वाली 40 से 50 चाय की थड़ियों की जांच की गई। पुलिस ने 10 कार्रवाई करते हुए 5 पावर बाइक जब्त कीं। कोरल पार्क में पैदल गश्त, 7 लोग गिरफ्तार बोरखेड़ा थाना क्षेत्र के कोरल पार्क कोचिंग एरिया में एडिशनल एसपी सुभाष चंद्र मिश्रा के नेतृत्व में पैदल गश्त और चेकिंग की गई। यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहनों की जांच के दौरान 2 बुलेट बाइक और 2 कारों सहित कुल 5 वाहन दस्तावेजों के अभाव में जब्त किए गए। पुलिस ने शराब पीकर उत्पात मचाने वाले 5 लोगों को गिरफ्तार किया। वहीं, कोचिंग क्षेत्र में झगड़ा कर शांति भंग करने के आरोप में 2 अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया। छात्रों से संवाद कर दिया सुरक्षा का भरोसा अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने कोचिंग क्षेत्र में रहने वाले छात्र-छात्राओं से संवाद किया और उनकी समस्याएं जानीं। पुलिस ने सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाते हुए कहा कि असामाजिक तत्वों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।