कोटा की बरड़ा बस्ती में 33 केवी हाईटेंशन लाइन का इंसुलेटर टूटने के बाद अन्य कॉलोनियों के लोग भी दहशत में हैं। उद्योग नगर थाना क्षेत्र की प्रेम नगर सेकेंड जागा कॉलोनी के निवासी भी अपने सिर के ऊपर से गुजर रही 33 केवी और पास से गुजर रही 132 केवी हाईटेंशन लाइन को लेकर खतरे की आशंका जता रहे हैं। बता दें कि बरड़ा बस्ती हुए हादसे में एक महिला और दो गायों की मौत हो गई थी। वहीं कई लोगों को करंट का झटका लगा था। लोग बोले- शिकायत के बाद भी लाइट शिफ्ट नहीं स्थानीय लोगों ने कहा- प्रेम नगर सेकेंड जागा कॉलोनी में सैकड़ोंं परिवार सालों से रह रहे हैं। नगर निगम की ओर से हमें रजिस्ट्री और पट्टे भी जारी किए जा चुके हैं। वहीं आज भी कॉलोनी के ऊपर से 33 केवी हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद अब तक लाइन शिफ्ट नहीं की गई। स्थानीय निवासी सोनू मीणा ने कहा- कंसुआ क्षेत्र से गुजर रही 33 केवी लाइन को पहले हटाया जा चुका है, लेकिन हमारे इलाके की लाइन अब भी जस की तस है। इसके कारण लोग अपने मकानों का निर्माण एक मंजिल से ऊपर नहीं कर पा रहे। वहीं बारिश के मौसम में हादसे का डर बना रहता है। बच्चे छत पर खेलते, हादसे की रहती आशंका स्थानीय निवासी ज्योति ने कहा- बरड़ा बस्ती में हुए हादसे के बाद इलाके में भय का माहौल है। कॉलोनी में बच्चे रोजाना छतों पर खेलते हैं। बरसात के दौरान हादसे का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि हाईटेंशन लाइन दूसरी जगह शिफ्ट की जाए। साथ ही इसे पूरी तरह सुरक्षित बनाया जाए, ताकि भविष्य में कोई हादसा न हो। विभाग ने कहा- नोटिस दिए, फिर भी बने मकान जेवीवीएनएल के सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर ने कहा- यह हाईटेंशन लाइन कई साल पहले बिछाई थी। तब इन इलाकों में आबादी नहीं थी। समय के साथ लाइन के नीचे और आसपास बड़ी संख्या में मकान बन गए। विभाग की ओर से लोगों को नोटिस भी दिए गए, लेकिन इसके बावजूद निर्माण होता रहा। उनका कहना है कि जब नगर निगम ने इन क्षेत्रों में पट्टे जारी किए हैं तो लाइन को शिफ्ट कराने की जिम्मेदारी भी संबंधित विभाग की बनती है। निगम अधिकारी बोले- लाइन के नीचे मकानों का पट्‌टा जारी नहीं करते नगर निगम के उपायुक्त महावीर सिंह सिसोदिया ने बताया- हाईटेंशन बिजली लाइन के नीचे स्थित मकानों का पट्टा जारी नहीं किया जाता। उन्होंने कहा कि सुरक्षा मानकों के अनुसार हाईटेंशन लाइन के नीचे निर्धारित सेफ जोन खाली रखा जाता है। यदि किसी मकान मालिक को पट्टा मिला है तो सेफ जोन से बाहर बने मकान के लिए ही जारी किया गया होगा। यह खबर भी पढ़ें... हाईटेंशन लाइन का इंसुलेटर टूटा, करंट से महिला की मौत:9 झुलसे, झटका लगने से तड़प रहे थे लोग; धमाके के बाद घरों से बाहर भागे कोटा में 33 KV की हाईटेंशन लाइन का इंसुलेटर (कुचालक) धमाके के साथ टूट गया। इससे आसपास के घरों और जमीन पर करंट फैल गया। करंट से एक महिला की मौत हो गई। तीन बच्चों समेत 9 लोग झुलस गए और तड़पने लगे। दो गायों की भी मौत हो गई। (पूरी खबर पढ़ें)