कोटा में कार ड्राइवर ने युवक को कुचलने की कोशिश की। विज्ञाननगर थाना इलाके में 2 कारों के बीच टक्कर के बाद विवाद बढ़ गया। इसके बाद एक कार ड्राइवर ने दूसरे पर कार चढ़ाने की कोशिश की। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। वीडियो के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। गुरूद्वारा गली निवासी मनमीत ने बताया, "मैं शनिवार को अपने दो दोस्तों के साथ विज्ञाननगर जा रहा था। इस दौरान एरोड्राम सर्किल के पास 2 कारें आगे-पीछे चल रही थीं। इनमें से एक कार ड्राइवर ने ओवरटेक करने के चक्कर में मेरी गाड़ी को टक्कर मार दी। मैंने कार रूकवाकर विरोध जताया, इसी बीच कार के ड्राइवर का एक दोस्त जो बिना नंबर की काले शीशे की गाड़ी में था, वह भी वहां पहुंच गया और धक्कामुक्की करने लगा। दोनों स्कॉर्पियो गाड़ी थीं। मनमीत के अनुसार, जब कार ड्राइवर झगड़ने लगे तो मैंने उन्हें विज्ञाननगर थाने चलने के लिए कहा। दोनों युवकों ने धमकी दी कि जो करना हो कर लो। इसके बाद मैं अपने दोस्तों के साथ कार में सवार होकर विज्ञाननगर थाने की तरफ आने लगा। मैं स्लीप लेन से होकर थाने की तरफ जा रहा था।" अब देखिए, घटना से जुड़ी PHOTOS… कार ड्राइवर ने युवक को कुचलने की कोशिश की, मामला दर्ज मनमीत ने बताया- जैसे ही मैं स्लीप लेन में एक रेस्टोरेंट के सामने पहुंचा,पीछे से आ रही बिना नंबरी कॉली स्कॉर्पियो के ड्राइवर ने उसकी गाड़ी को साइड से टक्कर मार दी। इसके बाद गाड़ी को फिर पीछे लिया और उसके बाद फिर से टक्कर मार दी। इसके बाद मैं और मेरे दोस्त कार से उतर गए और मैं कार सवार युवक से बात करने जाने लगा तो तभी कार ड्राइवर ने मेरे पीछे कार दौड़ा दी। मैं दौड़कर पास के रेस्टोरेंट के गेट पर चढ़ा, जिससे उसकी जान बची। इसके बाद कार ड्राइवर मौके से फरार हो गए। इनमें से एक कार का नंबर आरजे 20 यूसी 0075 था। वहीं विज्ञाननगर थाने की एसआई अंजली मेघवंशी ने बताया कि कारों में आपस में टक्कर को लेकर झगड़ा हुआ था, जिसके बाद कार चालक ने युवक पर कार चढ़ाने की कोशिश की थी। मामले में शिकायत मिली है, जिस पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।