कोटा ग्रामीण के मंडाना थाना क्षेत्र स्थित मंडाना हाट रोड पर एक तालाब के अंदर बैठी सात भैंसों की मौत हो गई। एक बच्चे की सूचना पर भैंसों के मालिक ढाणी निवासी गोविंद रायका और ग्रामीण पहुंचे। पानी में उतरकर एक भैंस की जान बचाई। 6 भैंसें गोविंद रायका की, 1 भैंस रामगोपाल यादव की थी। एक भैंस पप्पू मेरोठा की बताई जा रही है। हादसा आज दोपहर का है। ग्रामीणों के अनुसार, हादसे से पहले पास से गुजर रहे बिजली पोल पर फॉल्ट होने की तेज आवाज सुनाई दी थी। आशंका जताई जा रही है कि पोल से करंट पानी में उतरने के कारण भैंसों की मौत हुई। कुछ अन्य भैंसें डरकर भागती भी देखी गईं। सूचना पर मंडाना थाना पुलिस से एएसआई भंवरलाल और कांस्टेबल प्रदीप मौके पर पहुंचे। नायब तहसीलदार रेखराज स्वामी के निर्देश पर हल्का पटवारी सोनू गोड़ाला ने मौका रिपोर्ट तैयार की। पशु चिकित्सक डॉ. आशीष जैन की ओर से कम्पाउंडर विनोद चौधरी को मौके पर भेजा गया। बिजली विभाग से जेईएन गिरिराज नागर और लाइनमैन भी मौके पर पहुंचे। ग्राम पंचायत प्रशासक रवि सुमन और पूर्व सरपंच रमाकांत गौतम ने भी मौके पर पहुंचकर विधायक कल्पना देवी को घटना की जानकारी दी। एएसआई भंवरलाल ने बताया की तालाब के चारों तरफ देखा बिजली के तार भी सही थे। हेडरा मशीन की मदद से मृत भैंसों को पानी से बाहर निकलवाया आज सभी का पोस्टमार्टम होगा रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।