बेगूं क्षेत्र में हाईवे 27 पर माँड़ना गांव के पास एक रेस्टोरेंट में मंगलवार देर रात एक दोस्त ने दूसरे दोस्त की चाक़ू मारकर हत्या कर दी। दोनों दोस्त कोटा से बाइक पर सांवलियाजी मंदिर दर्शन के लिए निकले थे। रास्ते में रेस्टोरेंट पर किसी बात को लेकर उनमें कहासुनी हो गई थी। थानाधिकारी कमल चंद ने बताया- मृतक की पहचान कोटा की महात्मा गांधी कॉलोनी निवासी 38 वर्षीय गौरव चतुर्वेदी पुत्र प्रमोद चतुर्वेदी के रूप में हुई है। शव को बेगूं उप जिला अस्पताल लाया गया, जहां परिजनों के पहुंचने पर पोस्टमार्टम करवाया गया। पुलिस ने हत्या के आरोपी कोटा निवासी कमल सिंह पुत्र अमर सिंह राठौड़ को हिरासत में ले लिया है। कमल सिंह भी गौरव चतुर्वेदी के ही मोहल्ले का रहने वाला है। घटना स्थल पर एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। बाथरूम करने गया तब पीछे से वार गौरव के भाई नवनीत के अनुसार, रेस्टोरेंट के प्रत्यक्षदर्शियों ने उसे बताया- गौरव बाथरूम करने गया था। तभी पीछे से कमल सिंह ने उस पर चाक़ू से कई वार किए। गौरव के गले, मुँह, सिर और हाथ पर गंभीर चोटें आईं और वह वहीं गिर गया। रेस्टोरेंट पर मौजूद लोगों की मदद से उसे काटूंदा अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक गौरव चतुर्वेदी मीडिया से भी जुड़े हुए थे। हत्या कर भाग रहे आरोपी कमल सिंह को रेस्टोरेंट पर मौजूद लोगों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया । इसके विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।