कोटा में आज सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। झुलसाने वाली तेज गर्मी से लोग बेहाल होते दिखे। मौसम विभाग ने जिले में भीषण गर्मी और हीटवेट का अलर्ट जारी किया है। इसे देखते हुए कलेक्टर पीयूष समारिया ने स्कूलों के समय में भी बदलाव किया है। इस बदलाव के तहत शुक्रवार 24 अप्रैल से कक्षा 1 से 12वीं तक के स्कूल सुबह साढ़े 7 से साढ़े 12 बजे तक खुलेंगे। ये अगले आदेश तक लागू रहेगा। इसके साथ ही सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में पीने के पानी की व्यवस्था करवाने के निर्देश दिए हैं। स्कूल टाइम में बदलाव सिर्फ विद्यार्थियों के लिए लागू होगा। बाकी स्टाफ (शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक) पहले की तरह काम करेंगे। आदेश की अवहेलना करने वाले स्कूलों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के प्रावधान के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अधिकतम पारा 43 डिग्री सेल्सियस पहुंचा कोटा में एक सप्ताह से गर्मी का असर बरकरार है। आज अधिकतम पारा 43 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। न्यूनतम तापमान दो डिग्री गिरकर 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सुबह 9 बजे बाद ही धूप के तीखे तेवर देखने को मिले। चिलचिलाती धूप से बचने के लिए लोग अलग-अलग जतन करते दिखाई दिए। बुधवार को दिन का पारा 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। मौसम विभाग ने 25 अप्रैल से गर्म हवा चलने की संभावना जताई है।