कोटा शहर में गुरुवार को दो अलग-अलग इलाकों में सांप निकलने की घटनाओं से लोगों में दहशत फैल गई। पहली घटना महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय की है, जहां प्रिंसिपल के कार्यालय में एक वाटर स्नेक दिखाई देने से हड़कंप मच गया। वहीं दूसरी घटना शिवनगर नयागांव में सामने आई, जहां चूहे का शिकार करने के प्रयास में एक पांच फीट लंबा ब्लैक कोबरा चूहे पकड़ने के पिंजरे में ही फंस गया। सूचना मिलते ही स्नेक कैचर गोविंद शर्मा मौके पर पहुंचे और दोनों सांपों का सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ दिया। सरकारी स्कूल में कमरे में बैठा दिखा वाटर स्नेक स्नेक कैचर गोविंद शर्मा ने बताया कि महात्मा गांधी सरकारी स्कूल में महिला प्रिंसिपल कुसुम जैसे ही अपने कार्यालय में पहुंचीं, उन्होंने कमरे के अंदर कीलबैक प्रजाति का वाटर स्नेक बैठा देखा। सांप को देखते ही वह घबरा गईं और तुरंत कमरे से बाहर निकलकर अन्य स्टाफ को सूचना दी। इसके बाद स्नेक कैचर को बुलाया गया, जिन्होंने सावधानीपूर्वक सांप का रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित जंगल में रिलीज कर दिया। चूहों को पकड़ने के लिए लगाए पिंजरे में फंसा कोबरा दूसरी घटना शिवनगर नयागांव में ओमप्रकाश के मकान की है। घर में चूहों को पकड़ने के लिए लगाया गया पिंजरा इस बार ब्लैक कोबरा के लिए जाल बन गया। चूहे का शिकार करने के दौरान करीब पांच फीट लंबा ब्लैक कोबरा पिंजरे के अंदर घुस गया और बाहर नहीं निकल सका। परिवार ने तुरंत स्नेक कैचर को सूचना दी। मौके पर पहुंचे गोविंद शर्मा ने सुरक्षित तरीके से कोबरा को पिंजरे से बाहर निकालकर रेस्क्यू किया और उसे प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया। सांप दिखने पर घबराए नहीं स्नेक कैचर गोविंद शर्मा ने लोगों से अपील की कि सांप दिखने पर घबराएं नहीं, उसे मारने की कोशिश न करें और तुरंत प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना दें। --------------- ये खबर भी पढ़िए… कोटा में परिवार सो रहा था,मकान में घुसा ब्लैक कोबरा:अचानक 5 फीट लंबे सांप को देख मची अफरा-तफरी, स्नेक कैचर ने किया रेस्क्यू कोटा शहर के नया गांव इलाके में शुक्रवार सुबह एक मकान में करीब 5 फीट लंबा ब्लैक कोबरा सांप घुस आया। उस समय परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। सुबह जब मकान मालिक रामेश्वर प्रसाद सोनी की नींद खुली तो उनकी नजर अचानक कमरे में अलमारी के पीछे बैठे ब्लैक कोबरा पर पड़ी। (पूरी खबर पढ़ें…)