कोटा की एक मल्टीस्टोरी बिल्डिंग में बदमाशों ने लाठी-डंडों से लोगों को डराया। इस दौरान वहां मौजूद एक कोचिंग स्टूडेंट ने मोबाइल से पूरी घटना का वीडियो बना लिया। वहीं पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में भी रिकॉर्ड हो गई। इसका वीडियो मंगलवार को सामने आया है। शहर के लैंडमार्क सिटी इलाके स्थित लैंडमार्क पैराडाइज मल्टीस्टोरी में 6 अप्रैल को दो ग्रुप का झगड़ा हो गया था। मल्टीस्टोरी बिल्डिंग में पहले रहने वाले पैंथर गैंग के कुछ बदमाशों ने कार में आ रहे हरनूर सिंह पर हमला किया। इस हमले में हरनूर की कार डैमेज हो गई। कार में लगे कैमरे में यह सारी रिकॉर्डिंग कैद हुई। कुछ देर बाद हरनूर अपने दोस्तों के साथ बिल्डिंग में पहुंचा, लेकिन तब तक हरनूर पर हमला करने वाले नाजिम शेख, शोएब, सुमित भारद्वाज, करण, अभय सिंह फरार हो गए। इसके बाद हरनूर सिंह अपने दोस्तों को लेकर दोबारा बिल्डिंग में गया। लाठी-डंडे लिए बेखौफ अंदाज में मल्टीस्टोरी के ग्राउंड एरिया में घूमते हुए दहशत फैलाई। बदमाश कुछ देर पूरे परिसर में लोगों को डराकर मौके से फरार हो गए थे। जानकारी के अनुसार- इस घटना के पीछे पैंथर गैंग, हरनूर सरदार गैंग का नाम सामने आया है। बताया जा रहा है कि यह झगड़ा एक लड़की को लेकर हुआ था। लड़की से छेड़छाड़ के बाद विवाद बढ़ गया था। बाद में हरनूर अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और एक युवक के साथ मारपीट की थी। वहीं घटना के बाद लोगों में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की। पुलिस ने मल्टी स्टोरी में दो निजी सुरक्षा गार्ड तैनात किए हैं और किराएदारों की जांच भी शुरू कर दी है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। पहले देखें PHOTOS पुलिस ने कहा- पहले किराए पर रहता था बदमाश कुन्हाड़ी थाना प्रभारी रामविलास मीणा ने बताया- घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपी भाग निकले। उन्होंने बताया- हरनूर निवासी तालेड़ा थाना क्षेत्र इसी मल्टी स्टोरी में किराए पर रहता था, जिसका कमरा खाली करवा दिया गया था। वहां की बिजली भी कटवा दी थी। आरोपी की गुमानपुरा इलाके में मोबाइल की दुकान है। थाना प्रभारी रामविलास मीणा ने बताया- 6 अप्रैल के बाद अभी तक यहां कोई भी गैंग सक्रिय नहीं है। बदमाशों का पुराना मामला चल रहा था, जिस पर एक बार पहले भी पुलिस ने समझौता करवाया था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया। मल्टस्टोरी में रहने वाले सभी लोगों की आइडेंटिटी भी चेक की गई। क्षेत्र में गैंग सक्रिय स्थानीय लोगों के मुताबिक- इस इलाके में पहले बिहार टाइगर गैंग भी सक्रिय रही है। चाकूबाजी के दो मामलों में वांछित एलएक्स यादव इस ग्रुप को संचालित करता था। उसकी फरारी के बाद इस ग्रुप की गतिविधियां कम हो गई थीं। इसी बीच हरनूर सरदार गैंग ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी। बताया जा रहा है कि इलाके में कई ऐसे युवक हैं, जो कोचिंग के लिए कोटा आए थे। बाद में सफलता नहीं मिलने पर यहीं रुक गए और धीरे-धीरे गैंग बनाकर आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो गए। ये युवक किराए की बाइक लेकर देर रात तक घूमते हैं और स्टंट करते नजर आते हैं। हरनूर पर अवैध मादक पदार्थों की सप्लाई के मामले दर्ज हरनूर पर पहले भी अवैध मादक पदार्थों की सप्लाई के मामले दर्ज हैं। जानकारी के मुताबिक- वह 3 साल तक पंजाब जेल में बंद रहा था और फिलहाल घटना के बाद से फरार चल रहा है। हरनूर सिंह के साथ जसपाल रंधावा, पवनदीप रंधावा, चुशवीर कहलो, प्रभजोत सिंह देओल, हैरीवीक, देवेश, जशन शामिल थे। यह सभी बदमाश अभी कश्मीर में अपनी फरारी काट रहे हैं।