कोटा के सुल्तानपुर में कांग्रेस नेता अमीन पठान के छोटे भाई रफीक पठान ने सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर रखा था। इस अतिक्रमण को बुधवार को नगर पालिका, फॉरेस्ट व प्रशासन की संयुक्त टीम ने हटवाया। नगर पालिका की टीम ने आज सुबह 6 बजे झोटोली गांव जाकर खाते की जमीन के पास सिवायचक व फॉरेस्ट जमीन से पठान का कब्जा हटाया। टीम ने सीमाज्ञान किया और नगर पालिका का बोर्ड लगाया। चार घंटे चली कार्रवाई के दौरान सर्किल डीएसपी ओमप्रकाश सहरावण समेत तीन थानों की पुलिस और ग्रामीण पुलिस लाइन का जाप्ता मौजूद रहा। ये गांव सुल्तानपुर से 4-5 किमी दूरी पर हैं। नोटिस देने के बाद की कार्रवाई नगर पालिका ईओ सुरेश कुमार ने बताया कि सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाया गया हैं। पूरी जानकारी कार्रवाई खत्म होने के बाद ही कुछ बता पाऊंगा। कार्रवाई के मजिस्ट्रेट नियुक्त किए नायब तहसीलदार संदीप मेघवाल ने बताया कि झोटोली गांव में रफीक पठान ने 2.19 हेक्टेयर (14 बीघा) सरकारी जमीन पर कब्जा कर रखा था। पास में कुछ वन विभाग की जमीन पर भी निर्माण कार्य किया हुआ था। अतिक्रमी को नोटिस दिया, जिसके बाद आज अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की है। सरकारी जमीन को खेती के काम में दिया जा रहा था। टीम ने यहां नगर पालिका का बोर्ड लगाया है। सुल्तानपुर पहले ग्राम पंचायत थी। नगर पालिका बनने के बाद सुल्तानपुर की राजस्व सीमा का विस्तार हुआ है। यह जमीन नगर पालिका ने अपने कब्जे में ली है। मौके पर पुलिस जाप्ता मौजूद हैं। 2 जेसीबी हैं।