कोटा शहर के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों से सुसाइड और सड़क हादसे की घटनाएं सामने आईं। एक ओर नयापुरा थाना इलाके में सड़क हादसे में बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, वहीं दूसरी ओर गुमानपुरा थाना क्षेत्र में एक युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। दोनों मामलों में पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिए हैं और जांच शुरू कर दी है। नयापुरा थाना क्षेत्र में सुबह के समय एक बुजुर्ग महिला सड़क हादसे का शिकार हो गई। मृतका के भतीजे रघुवीर सिंह के अनुसार, उनकी चाची कौशल्या बाई (65), निवासी नंदाजी की बावड़ी, रोज की तरह सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए नेहरू पार्क जा रही थीं। इसी दौरान सड़क पार करते वक्त तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में महिला को सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें एमबीएस अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची दुर्घटना थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया। एसआई रामनारायण ने बताया कि बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। वहीं, गुमानपुरा थाना क्षेत्र के कोटड़ी इलाके के घोसी मोहल्ले में एक 20 वर्षीय युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान कपिल के रूप में हुई है। युवक को अचेत अवस्था में परिजन और पड़ोसी एमबीएस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के दोस्त रोहित पांचाल ने बताया कि कपिल महेरा ने एक दिन पहले चूहे मारने की दवाई खा ली थी। वह अपने पिता के साथ रहता था, जबकि उसकी मां का पहले ही निधन हो चुका है और बड़ा भाई अलग रहता है। परिजनों के अनुसार, कपिल किसी तरह के तनाव में भी नहीं था, जिससे यह कदम उठाने के कारणों को लेकर संशय बना हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।