कोटा यूनिवर्सिटी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। उज्बेकिस्तान की मशहूर सिल्क रोड इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ टूरिज्म एंड कल्चरल हेरिटेज ने पूरे भारत में से सिर्फ कोटा यूनिवर्सिटी को अपना पार्टनर (साझेदार) चुना है जहां से पांच स्टूडेंटस उज्बेकिस्तान में यूनिवर्सिटी में जाकर पढ़ाई कर सकेंगे। सबसे अच्छी बात यह है कि इन स्टूडेंटस को वहां की यूनिवर्सिटी से स्कॉलरशिप भी मिलेगी। कुलगुरू प्रो.बीपी सारस्वत ने बताया कि 5 स्टूडेंटस को पूरी तरह से मुफ्त (फुल स्कॉलरशिप) पढ़ाई करने का मौका मिलेगा। चयनित छात्रों को हर महीने 500 अमेरिकी डॉलर करीब 41 हजार की स्कॉलरशिप और हॉस्टल के खर्च के लिए 100 अमेरिकी डॉलर यानी करीब 8 हजार रूपए मिलेंगे। भारत से उज्बेकिस्तान आने-जाने के लिए मुफ्त हवाई टिकट भी मिलेगा और उज्बेकिस्तान के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों को देखने के लिए साल में 2 फ्री स्टडी टूर भी मिलेंगे। कौन से सब्जेक्टर में कर सकते हैं डिग्री विभागाध्यक्ष प्रो. अनुकृति ने बताया कि स्टूडेंटस के लिए यह अवसर टूरिज्म और हॉस्पिटैलिटी मैनेजमेंट, पुरातत्व, म्यूजियम विज्ञान, ऐतिहासिक इमारतों का रखरखाव और संरक्षण विभाग के लिए है। इसमें स्टूडेंटस मास्टर्स डिग्री ले सकेंगे। इसके लिए स्टूडेंटस 1 अगस्त से आवेदन कर सकते है। जिनमें से स्टूडेंटस का चयन किया जाएगा और लिस्ट यूनिवर्सिटी को भेजी जाएगी। सितंबर 2026 से वहां नया सत्र शुरू होगा। उन्होंने बताया कि उज्बेकिस्तान सरकार की इस योजना का मकसद दुनिया भर के छात्रों को अपने देश में बुलाकर शिक्षा और संस्कृति का आदान-प्रदान करना है। कोटा विश्वविद्यालय के छात्रों के लिए यह वैश्विक स्तर पर आगे बढ़ने का एक शानदार मौका है।