कोटा में मंगलवार तड़के रिमझिम बारिश हुई। जिस कारण सड़कें गीली हो गई। तापमान में भी 2 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई। हल्की बारिश होने से लोगों को गर्मी व उमस से फोरी तौर पर राहत मिली। सुबह से आसमान में काली घटाएं छाई हुई है। मौसम विभाग ने अगले 2 दिन तक बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार इस सीजन में 20 जुलाई तक 38% कम बारिश हुई है। सामान्यतया जिले में 20 जुलाई तक औसत 236.4मिमी बारिश होती है। इस सीजन में मानसून की एंट्री होने से अभी तक 146.2 मिमी बारिश हुई है। सोमवार को भी आसमान में बादल छाए रहे। रात तक बारिश नहीं हुई।बादल छाए रहने से तापमान में 1डिग्री की गिरावट दर्ज हुई। सोमवार को अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री व न्यूनतम 28.6 डिग्री दर्ज हुआ। लोग बारिश का इंतजार करते रहे। मौसम विभाग के अनुसार मानसून की टर्फ लाइन अपनी सामान्य स्थिति में है। इससे राज्य के पूर्वी और उत्तर पूर्वी भागों में आगामी दिनों में बंगाल की खाड़ी से आने वाली मानसूनी हवाओं के सक्रिय होने की उम्मीद की जा रही है। मंगलवार को कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में मध्यम और मध्यम से तेज बारिश हो सकती है।