कोटा में रिटायर्ड फौजी मनोज शर्मा की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मनोज की पत्नी दीपिका, उसके प्रेमी देवेश और उसके सहयोगी विष्णु को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि दीपिका अपने पति मनोज से परेशान थी। घटना वाली रात दीपिका ने देवेश को फोन करके घर बुलाया। देवेश रात करीब 12 बजे अपने साथी विष्णु के साथ दीपिका के घर 'आवली' पहुंचा। वहां दोनों ने पहले मनोज के साथ बैठकर शराब पी और फिर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। हत्या करने के बाद देवेश और विष्णु वहां से चले गए, लेकिन अगली सुबह जल्दी ही दोनों फिर से दीपिका के घर पहुंचे और मनोज के अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गए। इस दौरान पड़ोसियों को उन पर शक हो गया, जिसके बाद दोनों वहां से फरार हो गए। गले पर चोट के निशान मिले थे पुलिस एसपी तेजस्वनी गौतम ने बताया कि शुक्रवार (1 मई) को आंवली क्षेत्र में रिटायर्ड फौजी मनोज शर्मा (45) का शव मिला था। गले पर चोट के निशान मिलने के बाद मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराया गया, जिससे हत्या की पुष्टि हुई। पुलिस जांच में सामने आया कि इस वारदात को पारिवारिक विवाद और अवैध संबंधों के चलते अंजाम दिया गया था। पुलिस ने पत्नी दीपिका, उसके प्रेमी देवेश और एक सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया। लंबे समय से अनबन चल रही थी पूछताछ में खुलासा हुआ कि मनोज और उसकी पत्नी दीपिका के बीच लंबे समय से अनबन चल रही थी। इसी दौरान दीपिका की नजदीकियां देवेश शर्मा से बढ़ गईं और पिछले 4 सालों से दोनों के बीच संबंध थे। जब मनोज ड्यूटी पर जाता था, तब देवेश का उसके घर आना-जाना रहता था। आरोपियों ने आपसी साजिश रचकर मनोज की गला दबाकर हत्या कर दी और वारदात के बाद शव को पलंग पर लिटा दिया ताकि यह एक सामान्य मौत लगे। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। खेत की घेराबंदी करके आरोपी को पकड़ा पुलिस एसपी तेजस्वनी गौतम ने बताया मुख्य आरोपी देवेश शर्मा को पकड़ने के लिए पुलिस टीम ने कोटा से हिण्डौन सिटी तक उसका पीछा किया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की लोकेशन करौली क्षेत्र में मिली। इसके बाद पुलिस ने ब्रह्मपुरी कॉलोनी स्थित एक खेत की घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पुलिस ने बताया कि फिलहाल तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की जा रही है ताकि मामले के अन्य पहलुओं को भी स्पष्ट किया जा सके। --- हत्या से जुड़ी ये 2 खबरें भी पढ़िए… पत्नी देखती रही, प्रेमी ने रिटायर्ड फौजी को मार डाला:बहन बोलीं- मेरे भाई को बेल्ट से पीटती थी भाभी, अब उसकी हत्या कर दी रिटायर्ड फौजी की गला घोंटकर हत्या:ससुराल पक्ष दाह संस्कार की कर रहा था तैयारी, पिता बोले- बहू ने बेटे को मारा