कोटा ग्रामीण क्षेत्र में मंगलवार शाम दो युवतियों ने थाने के बाहर जहर खा लिया। दोनों ने इससे पहले आपस में शादी करने और साथ रहने की इच्छा जताई थी। जिस पर परिवार राजी नहीं था। दोनों खुद थाने पहुंची थीं। बालिग होने के कारण पुलिस ने दोनों युवतियों और परिवार को वापस भेज दिया था। इसके कुछ देर बाद वे वापस थाने के बाहर पहुंचीं और जहर खा लिया। पुलिस ने दोनों को बेहोशी की हालत में हॉस्पिटल में भर्ती करवाया। उनका इलाज चल रहा है। युवतियां रिश्ते में बहन, साथ रहना चाहती हैं थानाधिकारी ने बताया कि दोनों युवतियां बालिग हैं और मौसेरी बहन (कजिन) हैं। दोनों करीब 5 महीने पहले घर छोड़कर सवाई माधोपुर चली गई थीं। किराए का कमरा लेकर रह रही थीं। वहीं पर कुछ काम भी कर रही थीं। युवतियां मंगलवार शाम को खुद थाने आई थीं। इसके बाद उनके परिवार को भी थाने में बुलाया गया। युवतियों के बयान लिए गए। इसमें उन्होंने कहा था कि दोनों एक-दूसरे से प्यार करती हैं और साथ रहना चाहती हैं। उन्होंने शादी करने की इच्छा भी जताई। लेकिन परिजनों को उनका साथ रहना मंजूर नहीं था। इसी वजह से वे पहले घर छोड़कर भी चली गई थीं, जिनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट परिजनों ने दर्ज करवाई थी। थानाधिकारी ने बताया कि युवतियों के बालिग होने के कारण उन्हें वापस भेज दिया था। परिवार और दोनों युवतियां थाने से चली गई थीं। लेकिन कुछ देर बाद लौटकर आईं और जहर खा लिया।