कोटा के नांता इलाके में रविवार को बीच बाजार एक युवक पर 12 से ज्यादा बदमाशों ने चाकू, सरियों और पत्थरों से जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल युवक को तुरंत एमबीएस अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना भेरुजी मंदिर के पास की है, जहां वारदात के बाद अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक पीयूष जेठी के पिता चंद्रशेखर ने बताया कि बदमाशों ने पहले युवक को घेरा और फिर उस पर चाकू, लोहे के सरियों और पत्थरों से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। रंजिश के चलते किया हमला घायल के पिता चंद्रशेखर जेठी ने बताया कि रविवार सुबह करीब 7.30 बजे उनका बेटा बाजार में था। तभी पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह हमला पुरानी रंजिश के चलते किया गया है। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले भी आरोपियों ने उसे धमकी दी थी, उस समय भी पुलिस को शिकायत की थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इधर, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।