कोटा के उद्योग नगर थाना क्षेत्र स्थित बॉम्बे योजना इलाके में देर रात पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर चाकू-डंडों से हमला किया गया। चार से 5 बदमाशों ने युवक पर जानलेवा हमला किया। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक को तुरंत कोटा के एमबीएस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घायल की पहचान बॉम्बे योजना निवासी इस्लाम खान के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, वारदात देर रात करीब 12 बजे की है। इस्लाम अपने घर लौट रहा था, तभी पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उसे रोक लिया। दो आरोपियों ने उसे पकड़ लिया, जबकि अन्य ने चाकू और डंडों से हमला कर दिया। हमले में इस्लाम के शरीर पर 5 से 6 जगह चाकू के वार किए गए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल के भाई ने बताया कि आरोपी पहले इस्लाम के साथ रहते थे, लेकिन बाद में उसने उनका साथ छोड़ दिया था। इसी बात को लेकर वे लंबे समय से रंजिश रखे हुए थे और मौका मिलते ही हमला कर दिया। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है और आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। उद्योग नगर थाना अधिकारी मांगे लाल यादव ने बताया कि घायल के बयान ले लिए गए हैं बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है, अब बदमाशों की तलाश की जा रही है। मामले में पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।