कोटपूतली-बहरोड़ कलेक्टर अपर्णा गुप्ता ने गर्मी के मौसम को देखते हुए जिले में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जेवीवीएनएल अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने निर्बाध बिजली सप्लाई सुनिश्चित करने, समय पर ट्रांसफार्मर बदलने, कृषि कनेक्शनों को प्राथमिकता देने और संपर्क पोर्टल हेल्पलाइन 181 पर आने वाली शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश दिए। योजनाओं की समीक्षा की कलेक्टर ने बिजली लाइनों के मरम्मत कार्य समय पर पूरे करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को परेशानी न हो। उन्होंने किसानों को समय पर ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने और नए कनेक्शन निर्धारित समय-सीमा में जारी करने को कहा। इसके अतिरिक्त, कुसुम योजना, आरडीएसएस और पीएम सूर्य घर योजना की प्रगति की समीक्षा की गई और आमजन को इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करने को कहा गया। बैठक में बिजली विभाग से संबंधित बजट घोषणाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने इन घोषणाओं को शीघ्रता से धरातल पर उतारने के लिए तेजी से कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि सरकार की मंशा के अनुरूप आमजन को लाभ मिल सके। उन्होंने राजस्व वसूली को प्रभावी बनाने और बकायादारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने पर भी जोर दिया। लंबित करनेक्शनों को लेकर निर्देश दिए गुप्ता ने घरेलू, पीएचईडी, औद्योगिक और अघरेलू श्रेणी के लंबित कनेक्शनों को शीघ्रता से संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही, संपर्क पोर्टल के लंबित प्रकरणों, 33 केवी जीएसएस स्थापना, फीडर प्राधिकरण, एचवीडीएस और एलटी केबल नेटवर्क कार्यों के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान अधिशासी अभियंता राजीव वीराना, केएम शर्मा, अनिल कुमार बंसल, बीबी शर्मा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।