कोटपूतली-बहरोड़ जिले के लिए 'पंच गौरव' कार्यक्रम के तहत पांच प्रमुख पहचानें निर्धारित की गई हैं। इनमें 'एक जिला-एक उत्पाद' में ऑटोमोबाइल पार्ट्स, 'एक जिला-एक उपज' में गाजर, 'एक जिला-एक वनस्पति' में गूगल, 'एक जिला-एक खेल' में कुश्ती और 'एक जिला-एक पर्यटन स्थल' में बैराठ को चिह्नित किया गया है। यह कार्यक्रम राज्य सरकार द्वारा जिलों के सर्वांगीण विकास, विरासत एवं पर्यावरण संरक्षण, आर्थिक उन्नति और रोजगार सृजन के उद्देश्य से शुरू किया गया है। इन 'पंच गौरव' के सफल क्रियान्वयन के लिए सोमवार को जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के अधिकारियों की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम के लिए प्राप्त बजट के प्रभावी उपयोग, आवश्यक कार्ययोजना और प्रस्ताव तैयार करने पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में जीएम डीआईसी भंवरलाल सैनी, ब्लॉक सांख्यिकी अधिकारी बाबूलाल बैरवा और विसंभर दयाल गुर्जर, संयुक्त निदेशक कृषि लीलाराम जाट, एसीएफ तरुण प्रकाश यादव सहित कई संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।