कोटपूतली-बहरोड़ में आज पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के लिए आरक्षण लॉटरी निकाली गई। सबसे पहले जिला परिषद सदस्यों की लॉटरी निकाली गई। इसके बाद प्रधान और बाद में पंचायत समिति सदस्यों के आरक्षण तय किए गए। कोटपूतली-बहरोड़ जिले में 4 प्रधान सीट महिलाओं के लिए रिजर्व की गई हैं। कोटपूतली-बहरोड़ जिले में पहली बार जिला परिषद के चुनाव होने जा रहे हैं। जिला परिषद में कुल 27 वार्ड हैं। जिले में कुल 8 पंचायत समिति हैं, जिनमें कोटपूतली, बहरोड़, मेड़ कुंडला, विराटनगर, नारायणपुर, नीमराना, पावटा, बानसूर शामिल है। पंचायतीराज संस्थाओं में रोटेशन से आरक्षण पंचायतीराज संस्थाओं में आरक्षण रोटेशन से तय होता है। हर बार नए सिरे से आरक्षण की लॉटरी निकाली जाती है। पिछली बार जो वार्ड जिस वर्ग के लिए आरक्षित था, इस बार वो बदल जाएगा। पिछली बार वाला आरक्षण नहीं रहेगा। पिछली बार जो पंचायत समिति या वार्ड आरक्षित था। हो सकता है कि इस बार वह ओपन कैटेगरी में हो जाए। सरपंचों की लॉटरी कल पंचायत समिति की ग्राम पंचायतों में सरपंचों और वार्ड पंचों के आरक्षण के लिए लॉटरी गुरुवार को एसडीएम कार्यालय में निकाली जाएगी। प्रशासन ने इसकी तैयारियां कर ली हैं। प्रदेश में पहली बार पंचायती राज चुनाव एक साथ करवाए जा रहे हैं। पहले ये लॉटरी 17 और 18 अगस्त को निकाले जानी वाली थी, लेकिन बाद में इसे दो बार स्थगित कर दिया गया। लॉटरी के बाद जल्द ही पंचायती राज चुनाव की घोषणा की जाएगी।