कोटपूतली कलेक्टर अपर्णा गुप्ता ने शुक्रवार को जिले की विभिन्न आंगनबाड़ियों, स्कूलों और जनता क्लीनिकों का निरीक्षण किया। उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर सरुंड में चिकित्सा सुविधाओं का निरीक्षण किया और मरीजों से संवाद कर जानकारी ली। उन्होंने मरीजों को दी जा रही निशुल्क दवा और जांच सुविधाओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने उपकरणों के बेहतर रखरखाव, स्टाफ की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और गर्मी के मौसम को देखते हुए दवाओं का पर्याप्त भंडारण रखने के निर्देश दिए। उन्होंने ड्रगहाउस से समन्वय बनाकर समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। कलेक्टर ने सरुंड के आंगनबाड़ी (नंद घर), राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल, रानीवाला के राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल, आंगनबाड़ी (नंद घर) में शैक्षणिक गुणवत्ता और सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने आंगनबाड़ी में पोषाहार और स्कूलों में दिए जाने वाले मिड-डे-मील की गुणवत्ता जांची। रसोई का निरीक्षण कर साफ-सफाई और स्टॉक का अवलोकन किया। उन्होंने मिड-डे-मील बनाते समय पोषणयुक्त सामग्री के साथ साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने को कहा। छात्रों ने भी नियमित मिड-डे-मील की सराहना की। कलेक्टर ने कक्षा कक्षों में जाकर छात्रों की शैक्षणिक गुणवत्ता परखी। उन्होंने बच्चों से बातचीत की, पढ़ाए जा रहे विषयों से संबंधित प्रश्न पूछे और उनके होमवर्क का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षिका की भूमिका निभाते हुए छात्रों को गणित के कई गुर सिखाए। उन्होंने रजिस्टर, उपस्थिति पंजिका, पोर्टल अपडेशन और सेनेटरी पैड वितरण जैसे कार्यों की भी समीक्षा की। कलेक्टर ने केंद्रों पर सुंदर पेंटिंग्स, डिजिटल शिक्षा, साफ-सफाई, व्यवस्थित शौचालय और उचित व्यवस्था के लिए स्कूल प्रशासन और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सराहना की। इस निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ डॉ.आशीष सिंह शेखावत, उप निदेशक आईसीडीएस सतपाल यादव, सीबीईओ पूरण मल, स्कूल प्राचार्य और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।