कोटपूतली में सोमवार को जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता ने वर्ष 2025-26 की बजट घोषणाओं की क्रियान्विति की समीक्षा की। इस संबंध में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के विकास कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में अधिकारियों ने पिछले वर्ष की बजट घोषणाओं के साथ-साथ चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 की घोषणाओं की स्थिति भी प्रस्तुत की। सार्वजनिक निर्माण विभाग, जल संसाधन विभाग, ऊर्जा विभाग और पीएचईडी सहित अन्य विभागों ने अपने-अपने कार्यों की प्रगति पीपीटी के माध्यम से बताई। सड़क, पेयजल और स्वास्थ्य योजनाओं पर विशेष फोकस समीक्षा बैठक में सड़क निर्माण, पुलिया सुदृढ़ीकरण, एनीकट मरम्मत और आदर्श सौर ग्राम जैसी योजनाओं की स्थिति पर विशेष चर्चा हुई। इसके अलावा पेयजल योजनाएं, बस स्टैंड निर्माण, हैंडपंप और ट्यूबवेल की स्थापना व मरम्मत जैसे कार्यों की प्रगति की भी जानकारी ली गई। इसी के साथ छात्रावास, खेल मैदान, ओपन जिम तथा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी बजट घोषणाओं की प्रगति पर भी अधिकारियों ने प्रस्तुति दी। बैठक का उद्देश्य इन योजनाओं को समय पर पूरा कर आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना बताया गया। गुणवत्ता और समयसीमा पर कलेक्टर का जोर जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य तय समयसीमा के भीतर और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर योजनाओं को तेजी से जमीन पर उतारना जरूरी है, ताकि आम लोगों को इनका लाभ समय पर मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि बजट घोषणाओं का मूल उद्देश्य क्षेत्र के लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं देना है। इसके लिए विभागों को भूमि चिन्हीकरण, भूमि आवंटन, एनओसी और डीपीआर जैसी जरूरी प्रक्रियाओं को जल्द पूरा करना होगा। समीक्षा बैठक के दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओमप्रकाश सहारण सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों से जुड़े विकास कार्यों की प्रगति और आगे की कार्ययोजना के बारे में जानकारी दी।