कोटपूतली-बहरोड़ के खड़ब गांव में पेयजल संकट को लेकर ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। मंगलवार सुबह करीब 7 बजे बड़ी संख्या में महिलाओं ने नारेहड़ा-पावटा रोड पर जाम लगा दिया। इससे मार्ग पर करीब दो घंटे तक यातायात बाधित रहा। महिलाओं का आरोप था कि गांव के कुमावत मोहल्ला, आंबेडकर मोहल्ला सहित कई बस्तियों में लंबे समय से नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही है। ग्रामीणों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण बोले शिकायत के बाद भी समाधान नहीं ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने कई बार पंचायत प्रशासन और जलदाय विभाग के अधिकारियों को शिकायतें दीं, लेकिन समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ। इसी से नाराज होकर उन्होंने सड़क जाम करने का फैसला लिया। जाम की सूचना मिलने पर उपखंड अधिकारी, जलदाय विभाग के सहायक अभियंता (एईएन) हंसराज गुर्जर, तहसीलदार रामधन गुर्जर और सारूंड थाना पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रही महिलाओं से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। आश्वासन पर जाम समाप्त अधिकारियों ने जल्द पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने का आश्वासन दिया। काफी देर तक चली वार्ता के बाद महिलाओं ने आश्वासन पर जाम समाप्त कर दिया, जिसके बाद मार्ग पर यातायात सामान्य हो सका। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द नियमित और पर्याप्त पेयजल आपूर्ति शुरू नहीं हुई तो वे दोबारा आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।