कोटपूतली के श्रीमती पाना देवी मोरिजावाला राजकीय कन्या कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) का एक दिवसीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में छात्राओं का My Bharat पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराया गया। इसके साथ ही साइबर अपराध जागरूकता कार्यशाला आयोजित कर छात्राओं को ऑनलाइन धोखाधड़ी और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार की जानकारी दी गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज प्राचार्य प्रोफेसर आरपी गुर्जर ने की। कोटपूतली-बहरोड़ जिले की साइबर क्राइम पुलिस उपाधीक्षक एवं RPS अधिकारी निर्मला पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। छात्राओं का My Bharat पोर्टल पर कराया रजिस्ट्रेशन शिविर के दौरान कॉलेज की छात्राओं का भारत सरकार के My Bharat पोर्टल पर पंजीयन कराया गया। इसका उद्देश्य छात्राओं को युवा कार्यक्रमों, राष्ट्र निर्माण और सामाजिक सेवा से जुड़ी गतिविधियों से जोड़ना तथा उनमें स्वयंसेवा की भावना विकसित करना रहा। साइबर अपराध जागरूकता कार्यशाला में मुख्य अतिथि निर्मला पांडेय के मार्गदर्शन में साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी गई। मुख्य वक्ता ओम प्रकाश और कांस्टेबल अंकित ने छात्राओं को साइबर अपराध के विभिन्न प्रकारों के बारे में बताया। कार्यशाला में मोबाइल ऐप, ऑनलाइन फ्रॉड, संदिग्ध लिंक और डिजिटल धोखाधड़ी से जुड़े मामलों पर चर्चा की गई। छात्राओं को ऑनलाइन लेनदेन के दौरान सावधानी बरतने और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने की जानकारी दी गई। लाइव डेमो से समझाई शिकायत की प्रक्रिया RPS अधिकारी निर्मला पांडेय ने लाइव डेमो के जरिए बताया कि साइबर अपराध का शिकार होने पर पुलिस से किस तरह मदद ली जा सकती है। उन्होंने साइबर वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर संपर्क करने और राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी समझाई। NSS पदाधिकारियों ने संभाली जिम्मेदारी कार्यक्रम का संयोजन NSS की तीनों इकाइयों के संयोजक डॉ. जगराम गुर्जर ने किया। कार्यक्रम की रूपरेखा और उद्देश्यों की जानकारी NSS कार्यक्रम अधिकारी यामिनी यादव ने दी। डॉ. महेंद्र कुमार सिंधू ने सभी का आभार जताया। शिविर में कॉलेज की छात्राओं और स्थानीय स्टाफ ने भाग लिया। राम भरोस, कृष्ण कुमार, सुनील, देशराज, कांस्टेबल सुनील देवी और सुरजीत सहित अन्य संबंधित कर्मचारियों की भी सहभागिता रही।