कोटपूतली के पानादेवी मोरीजवाला राजकीय गर्ल्स कॉलेज में युवा सेतु कार्यक्रम का ओरिएंटेशन आयोजित किया गया। राजस्थान के 41 सरकारी कॉलेजों में शुरू किए गए इस कार्यक्रम का संचालन यूनिसेफ करेगा। कोटपूतली-बहरोड़ जिले में इस कॉलेज को पायलट प्रोजेक्ट के लिए चुना गया है। इसका उद्देश्य छात्राओं को पढ़ाई के साथ सामाजिक विकास की गतिविधियों से जोड़ना है। योजना और सुझाव तैयार करेंगी बालिकाएं कार्यक्रम संयोजक डॉ. जगराम गुर्जर ने बताया-इस पहल के तहत छात्राएं एक गांव गोद लेंगी। वे गांव की जरूरतों और समस्याओं को समझकर ग्रामीण एवं शहरी विकास से जुड़ी योजनाएं और सुझाव तैयार करेंगी। इन सुझावों को शासन-प्रशासन तक पहुंचाया जाएगा, ताकि विकास की प्रक्रिया में छात्राओं की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। इससे छात्राओं में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होने के साथ नेतृत्व क्षमता भी बढ़ेगी। सह-संयोजक डॉ. हरेंद्र चंदेला ने छात्राओं को कार्यक्रम के उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियों से छात्राओं को व्यावहारिक अनुभव मिलेगा और उनके करियर निर्माण में भी मदद मिलेगी। कॉलेज प्राचार्य प्रो. आर.पी. गुर्जर ने छात्राओं को कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाने और इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।