कोटपूतली क्षेत्र के आदर्श ग्राम कल्याणपुरा खुर्द के छह विद्यार्थियों ने NEET-UG परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर गांव और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। किसान परिवारों से आने वाले इन छात्रों ने सीमित संसाधनों के बावजूद कड़ी मेहनत और लगन के बल पर ऑल इंडिया रैंक (AIR) प्राप्त की है। हेमंत कसाना ने हासिल की AIR 1667 NEET-UG परीक्षा में हेमंत कसाना ने ऑल इंडिया रैंक (AIR) 1667 प्राप्त कर गांव में सबसे बेहतर प्रदर्शन किया। खास बात यह है कि हेमंत वर्तमान में 12वीं कक्षा के छात्र हैं। वहीं, यशराज बावता ने AIR 2511 और ओबीसी रैंक 912 हासिल की। अनिता कसाना ने AIR 4094, नेहा कसाना ने AIR 9536 (ओबीसी रैंक 4226), किरण गुर्जर ने AIR 15047 तथा अभिलाषा बावता ने AIR 33138 (ओबीसी रैंक 16107) प्राप्त की। सरकारी स्कूल से पढ़ाई कर हासिल की सफलता सफल छात्राओं नेहा कसाना और अभिलाषा बावता ने 10वीं तक की पढ़ाई राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, कल्याणपुरा खुर्द से की है। सभी सफल विद्यार्थियों के पिता किसान हैं। साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि और सीमित संसाधनों के बावजूद इन छात्रों ने कठिन परिश्रम के दम पर मेडिकल प्रवेश परीक्षा में सफलता हासिल की। संगठनों ने दी बधाई, बताया क्षेत्र के लिए प्रेरणा गुर्जर अधिकारी कर्मचारी महासंघ, कोटपूतली और अन्य समाजिक संगठनों ने सभी सफल विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई दी। संगठनों ने कहा कि कल्याणपुरा खुर्द शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर पूरे कोटपूतली क्षेत्र के लिए प्रेरणा बन रहा है। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से पूरे गांव में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने इसे गांव की शिक्षा संस्कृति की बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि इन छात्रों की मेहनत और सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी उच्च लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।