कोटपूतली में साल की दूसरी लोक अदालत का आयोजन किया गया। इस दौरान 1776 न्यायालयीन प्रकरणों और 25112 राजस्व प्रकरणों सहित कुल 26888 मामलों का आपसी समझौते से निस्तारण किया गया। इन समझौतों के परिणामस्वरूप कुल 6,19,74,639 रुपये का अवार्ड पारित किया गया। दो बेंच का किया गठन राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल संचालन के लिए जिला मुख्यालय पर जिला एवं सेशन न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कोटपूतली के अध्यक्ष रवि शर्मा ने दो बेंचों का गठन किया। पहली बेंच की अध्यक्षता अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश संख्या-01 राजेश कुमार ने की, जिसमें अधिवक्ता रणजीत कुमार मीणा सदस्य रहे। दूसरी बेंच का गठन डिम्पल जन्डेल, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, कोटपूतली की अध्यक्षता में किया गया, जिसमें अधिवक्ता ज्योति शर्मा सदस्य रहीं। लंबित मामलों का हुआ निस्तारण लोक अदालत में न केवल न्यायालयों में लंबित प्रकरणों का निस्तारण किया गया, बल्कि एसडीएम और तहसीलदार कार्यालयों में लंबित राजस्व प्रकरणों का भी समाधान हुआ। इनमें सीमाज्ञान, पत्थरगढ़ी, नामान्तरण जैसे विविध राजस्व मामले शामिल थे। इसके अतिरिक्त, बिजली विभाग से संबंधित प्रकरण, बैंक एवं ऋण संबंधी मामले और अन्य कार्यालयों में लंबित प्रकरणों का भी आपसी सहमति से निपटारा किया गया। इस द्वितीय लोक अदालत में न्यायालय में लंबित कुल 3718 प्रकरण रखे गए, जिनमें से 1776 का आपसी समझौते से निस्तारण किया गया। वहीं, 32036 प्रीलिटिगेशन एवं राजस्व प्रकरणों को रखा गया, जिनमें से 25112 प्रकरणों का आपसी राजीनामे से निपटारा हुआ।