कोटपूतली में परिवहन विभाग ने खनन क्षेत्रों में अवैध रूप से चल रहे ओवरलोड वाहनों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी संयुक्त कार्रवाई की है। इस अभियान के तहत 66 ओवरलोड वाहनों को जब्त किया गया और उन पर करीब 90 लाख रुपए का प्रारंभिक जुर्माना लगाया गया है। आरटीओ धर्मेंद्र चौधरी की 15 उड़न दस्तों की टीमों ने यह संयुक्त अभियान चलाया। कार्रवाई के डर से वाहन छोड़ भागे कार्रवाई से बचने के लिए कई वाहन चालक अपने वाहनों को रास्तों और खनन क्षेत्रों में ही छोड़कर मौके से फरार हो गए। कुछ चालकों ने तो वाहनों के जीपीएस सिस्टम बंद कर दिए और टायरों की हवा तक निकाल दी, ताकि परिवहन विभाग की टीमें वाहनों को आसानी से जब्त न कर सकें। इसके बावजूद, विभाग की मुस्तैद टीमों ने सभी वाहनों को अपनी कस्टडी में ले लिया और कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। इस अभियान में डीटीओ कोटपूतली सुनील सैनी, डीटीओ शाहपुरा यशपाल यादव, डीटीओ मुख्यालय संजय शर्मा सहित परिवहन विभाग के 15 विशेष उड़न दस्ते शामिल थे। टीमों ने कोटपूतली, बहरोड़, शाहपुरा और नीमराना के कई संवेदनशील व मुख्य खनन परिवहन वाले इलाकों में एक साथ दबिश दी।