कोटपूतली में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने स्कूली बसों की जांच का विशेष अभियान शुरू किया है। जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता के निर्देश पर परिवहन विभाग की टीम ने आज स्कूली बसों की सघन जांच की। परिवहन विभाग निरीक्षक टिकेंद्र सिंह और नरेश स्वामी के नेतृत्व में टीम ने स्कूल जाने वाली बसों को रोककर उनकी फिटनेस और संबंधित दस्तावेजों की जांच की। इस दौरान बसों की सामान्य स्थिति और आपातकालीन उपकरणों, जैसे अग्निशमन यंत्रों, की भी गहनता से पड़ताल की गई। जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता ने स्कूल संचालकों को छात्रों की सुरक्षा के प्रति किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों को ले जाने वाली सभी बसों में आवश्यक सुरक्षा उपकरण होने चाहिए, अन्यथा दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिला परिवहन अधिकारी सुनील सैनी ने बताया कि स्कूली छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।