कोटपूतली-बहरोड़ जिले में सौतेले पिता ने 4 साल के बेटे की हत्या कर दी। आरोपी पिता ने बेटे के प्राइवेट पार्ट में पाइप डाला और उसके पेट में पानी भर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपी ने परिवार और लोगों को बताया कि टैंक (हौद) में डूबने से बच्चे की मौत हुई है। उसने जल्दबाजी करते हुए शव को जंगल में ले जाकर दफना दिया। गांव के रहने वाले एक व्यक्ति को बच्चे की मौत पर शक हुआ तो उसने अगले दिन पुलिस को शिकायत दी। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को गड्ढे से बाहर निकाला। पुलिस ने FSL टीम को को बुलाकर मौके से सबूत जुटाए और मामले की जांच शुरू की। इसके साथ ही आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बच्चे की हत्या करने की बात कबूल कर ली। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। उधर, बानसूर एसडीएम की मौजूदगी में शव का पोस्टमॉर्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। मामला बास दयाल थाना के एक गांव का है। पत्नी के साथ आया था 4 साल का बेटा थाना प्रभारी कश्मीर सिंह ने बताया- आरोपी पिता का पहली पत्नी से तलाक हो गया था। 2 महीने पहले ही वह बिहार से दूसरी पत्नी लेकर आया था। पत्नी के साथ उसका 4 साल का बेटा भी आया था, जिसे आरोपी पसंद नहीं करता था। पिछले कई दिनों से वह उसे रास्ते से हटाने की योजना बना रहा था। 4 जुलाई को दोपहर 12 से 1 बजे के बीच मौका पाकर आरोपी पिता ने पानी की मोटर चलाई और मासूम के प्राइवेट पार्ट में पाइप डालकर पानी भर दिया। इसके कारण बच्चे की मौत हो गई। घटना के समय बच्चे की मां बाथरूम में कपड़े धो रही थी। हत्या के बाद आरोपी ने लोगों को बताया कि बच्चा टैंक में डूब गया और उसकी मौत हो गई। उसने जल्दबाजी करते हुए शव को जंगल में ले जाकर दफना दिया। आरोपी पिता क्रेशर पर मुनीम का काम करता था। दूसरी शादी के बाद से वह गांव में ही रह रहा था। पहली पत्नी का 7 साल का बेटा आरोपी के साथ ही रह रहा था।