कोटपूतली में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता ने की। बैठक में एसपी सतवीर सिंह सहित परिवहन, पीडब्ल्यूडी, एनएचएआई, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, नगर परिषद एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। अवैध कट्स बंद करने के दिए निर्देश जिला कलेक्टर ने राष्ट्रीय राजमार्गों और प्रमुख मार्गों पर बने अवैध कट्स को तत्काल बंद करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि दोबारा खुलने वाले कट्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ओवरलोड वाहनों पर नियंत्रण ओवरलोड वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नियमित जांच अभियान चलाने, जिले के प्रवेश मार्गों पर निगरानी बढ़ाने और नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। ट्रैफिक व्यवस्था के लिए बनेगी संयुक्त टीम शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए पुलिस, परिवहन, पीडब्ल्यूडी और एनएचएआई की एक संयुक्त टीम गठित करने का निर्देश दिया गया। ये टीम अवैध पार्किंग और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाएगी। कलेक्टर ने सड़क किनारे ठेले और दुकानों की व्यवस्थित मार्किंग, पार्किंग व्यवस्था विकसित करने, संकेतक बोर्ड, साइनेज, रिफ्लेक्टर और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में आवश्यक सुरक्षा उपाय करने और एम्बुलेंस सेवाओं की निगरानी के निर्देश दिए गए। सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों की सहायता के लिए स्कूलों, वाहन चालकों, होमगार्ड और सिविल डिफेंस कर्मियों को सीपीआर और फर्स्ट रिस्पॉन्डर प्रशिक्षण देने के लिए भी कहा गया। एसपी सतवीर सिंह ने 'ड्रिंक एंड ड्राइव', ओवरस्पीडिंग और गलत तरीके से ओवरटेक करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने हाईवे पर निगरानी बढ़ाने और आई-रेड पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने पर भी जोर दिया। जिला कलेक्टर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करने और सड़क सुरक्षा नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए नियमित अभियान चलाने के लिए भी कहा गया। पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता रामवतार कुमावत ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों की अनुपालना रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने एजेंडे के अनुसार की गई कार्रवाइयों की जानकारी भी दी।