कुचामन सिटी के नए बस स्टैंड पर बस संचालकों के बीच रूट को लेकर चल रहे विवाद में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने 2 बसों सहित 6 वाहन जब्त किए और 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई थाना कुचामन सिटी प्रभारी राजेंद्र खदाव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की। पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि नए बस स्टैंड पर बुटाटी-सीकर-जयपुर रूट पर बस संचालन को लेकर बस मालिकों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। जानकारी मिली थी कि बड़ी संख्या में लोग और वाहन एकत्र हो रहे हैं, जिससे किसी भी समय झगड़ा होने की आशंका थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मौके से 2 बस, 3 स्कॉर्पियो और 1 कैंपर वाहन जब्त किए। इस दौरान रामेश्वर लाल विश्नोई निवासी पोलास, मेड़ता रोड और नंद सिंह निवासी जालसू कलां, डेगाना को गिरफ्तार किया।