कुवैत दौरे पर गए विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने भारतीय दूतावास (इंडिया हाउस) में भारतीय समुदाय के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। इस बैठक में कुवैत में रह रहे भारतीयों के कल्याण, श्रमिकों की समस्याओं और भविष्य की आवश्यकताओं पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक के दौरान आरएएफ चैप्टर कुवैत के अध्यक्ष डायालाल कुम्हार ने विदेश मंत्री को एक मांग पत्र सौंपा। इसमें प्रवासी भारतीय बीमा योजना (PBBY) का दायरा बढ़ाने की मांग की गई। उन्होंने बताया कि वर्तमान में इस योजना का लाभ मुख्य रूप से घरेलू कामगारों को मिलता है। कुम्हार ने सुझाव दिया कि इस योजना को खाड़ी देशों में कार्यरत वाणिज्यिक श्रमिकों (कमर्शियल वर्कर्स) सहित अन्य पात्र भारतीय श्रमिकों तक भी बढ़ाया जाना चाहिए। इससे लाखों प्रवासी भारतीयों को सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा मिल सकेगी। प्रतिनिधिमंडल ने कुवैत सिटी से उदयपुर के बीच सीधी हवाई सेवा शुरू करने की भी मांग रखी। उनका तर्क था कि इससे वागड़ और दक्षिणी राजस्थान के हजारों प्रवासी भारतीयों को यात्रा में लगने वाले समय और खर्च दोनों में बचत होगी। इसके अलावा भारत सरकार की उड़ान (UDAN) योजना के तहत तलवाड़ा एयरस्ट्रिप से क्षेत्रीय हवाई सेवाएं शुरू करने का प्रस्ताव भी प्रस्तुत किया गया। प्रस्तावित मार्गों में अहमदाबाद–बांसवाड़ा (तलवाड़ा), बांसवाड़ा–उदयपुर–दिल्ली, दिल्ली–उदयपुर–बांसवाड़ा और बांसवाड़ा–अहमदाबाद शामिल हैं। प्रतिनिधिमंडल ने इन उड़ानों का संचालन एलायंस एयर से कराने का सुझाव दिया। उनका मानना है कि इससे वागड़ क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार, शिक्षा और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने प्रतिनिधिमंडल की सभी मांगों और सुझावों को गंभीरता से सुना। उन्होंने इन पर सकारात्मक विचार कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। बैठक में मौजूद प्रतिनिधियों ने प्रवासी भारतीयों के हित में भारत सरकार और विदेश मंत्रालय के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनके प्रस्तावों पर जल्द सकारात्मक पहल होगी।