डीडवाना-कुचामन पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड के धनबाद जिले से वांछित आरोपी सोमराज विश्नोई को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर लाडनूं थाना क्षेत्र में पकड़ी गई 27 किलो 330 ग्राम अवैध डोडा-पोस्त की खेप बेचने का आरोप है। पुलिस के अनुसार एएनटीएफ नागौर की सूचना पर लाडनूं पुलिस ने आसोटा क्षेत्र में एक ट्रेलर की तलाशी ली थी। इस दौरान ट्रेलर से 3 प्लास्टिक के बोरों में 27 किलो 330 ग्राम अवैध डोडा-पोस्त बरामद हुआ था। इस मामले में जोधपुर निवासी जगदीश विश्नोई को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। धनबाद पहुंचकर आरोपी को दबोचा जांच के दौरान सामने आया कि बरामद डोडा-पोस्त जगदीश विश्नोई ने सोमराज विश्नोई से खरीदा था। सोमराज उस समय झारखंड के धनबाद जिले के तोपचाची स्थित राजस्थान होटल में रह रहा था। इसके बाद जसवंतगढ़ थाने के थानाधिकारी राजेश कुमार के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। इस टीम ने धनबाद पहुंचकर आरोपी सोमराज विश्नोई को गिरफ्तार किया। झारखंड में कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त करने के बाद आरोपी को राजस्थान लाया गया है, जहां उससे आगे की पूछताछ की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी सोमराज पुत्र भागीरथराम विश्नोई (31) मूल रूप से कानासर, थाना बाप, जिला फलोदी का निवासी है। इस कार्रवाई में थानाधिकारी राजेश कुमार के साथ हेड कॉन्स्टेबल सुखाराम, कॉन्स्टेबल मुकेश कुमार और प्रदीप की अहम भूमिका रही।