भास्कर न्यूज | सिरोही भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान सिरोही में सॉफ्ट टॉयज मेकिंग एंड सेलिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हुआ। समापन समारोह में आरसेटी निदेशक सवाराम मीणा, ईडीपी असेसर सूरजमल पंवार, डोमेन ट्रेनर जैना तंवर ने प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाणपत्र बांटे। निदेशक मीणा ने कहा, प्रशिक्षण का उद्देश्य महिलाओं, युवतियों को स्वरोजगार के लिए जरूरी कौशल देना है। उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। प्रशिक्षण में टेडी बियर, प्लश डॉल, खरगोश, हाथी, इमोजी टॉय, की-चेन समेत अन्य सॉफ्ट टॉय बनाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। कटिंग, सिलाई, स्टफिंग, फिनिशिंग, पैकेजिंग की जानकारी दी गई। तैयार उत्पादों के विपणन, बिक्री से जुड़ी बातें भी बताई गईं। समापन पर प्रशिक्षणार्थियों ने सीखे कौशल का प्रदर्शन किया। अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा, प्रशिक्षण से घर बैठे स्वरोजगार शुरू करने का मौका मिलेगा। आर्थिक रूप से सशक्त बनने में मदद मिलेगी। संस्थान के अनुदेशक पीआर मीणा ने प्रशिक्षण पूरा होने पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, सॉफ्ट टॉय निर्माण, बिक्री के क्षेत्र में स्वरोजगार की अच्छी संभावनाएं हैं। महिलाओं, युवतियों को कौशल के जरिए उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में अनुदेशक हितेश खत्री, कार्यालय सहायक भंवरलाल परमार, दिनेश कुमार प्रजापत, कैलाश माली, सहायक कर्मचारी देवराज वाघेला, ललित मेघवाल मौजूद रहे।