शहर सहित जिले में पिछले चार दिनों से तापमान सामान्य बना हुआ है। रविवार को दिन का अधिकतम तापमान 38 डिग्री व न्यूनतम तापमान 29 डिग्री दर्ज किया गया। दिनभर आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही। इससे तेज धूप का असर कुछ कम रहा। जुलाई के दूसरे सप्ताह में तापमान में बड़ी बढ़ोतरी नहीं होने से लोगों को मई-जून जैसी प्रचंड गर्मी से राहत मिली है। रविवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। बीच-बीच में धूप निकलने से गर्मी का असर बढ़ा, लेकिन बादलों की आवाजाही के कारण तापमान 38 डिग्री के आसपास बना रहा। शाम के समय भी बादल छाए रहने से मौसम में बदलाव नजर आया। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार आगामी दिनों में बालोतरा में तापमान में धीरे-धीरे मामूली गिरावट आने की संभावना है। सोमवार को अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री रहने के बाद अगले कुछ दिनों में यह 36 से 37 डिग्री के आसपास रह सकता है। सप्ताह के अंत तक अधिकतम तापमान करीब 34 से 36 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। आसमान में बादलों की आवाजाही भी बनी रह सकती है।