जिले में अवैध बजरी खनन और परिवहन के खिलाफ सदर थाना पुलिस की ओर कार्रवाई जारी है। मंगलवार को पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए बनास नदी के सईदाबाद क्षेत्र से अवैध बजरी खनन में प्रयुक्त एक मॉडिफाइड लोडर और पक्का बंधा इलाके से बजरी से भरा एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किया। जबकि पुलिस को देखकर फरार हुए चालकों की तलाश जारी है। दोनों मामलों में अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए है। विदित रहे अवैध बजरी खनन को लेकर सदर पुलिस की सख्ती का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 2025 में एक जनवरी से जुलाई के शुरुआती सप्ताह तक अवैध बजरी खनन एवं परिवहन के 15 प्रकरण दर्ज हुए थे, लेकिन 2026 में अब तक यह संख्या बढ़कर 31 प्रकरण पहुंच चुकी है, जो पिछले साल के आंकडे से दुगुने से भी ज्यादा है। सदर थानाधिकारी जयमल सिंह ने बताया कि मंगलवार को पहली कार्रवाई बनास नदी के सईदाबाद इलाके में की गई, जहां अवैध रूप से बजरी का खनन की जानकारी मिलने थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची, हालांकि टीम को देखते ही चालक लोडर छोड़कर मौके से फरार हो गया। दूसरी कार्रवाई पक्का बंधा में अवैध रूप से बजरी का परिवहन करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया है। दोनों मामलों में अवैध खनन एवं परिवहन के संबंध में गहन अनुसंधान किया जा रहा है। अवैध खनन, परिवहन और निर्गमन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। । आंकड़े बता रहे हैं पुलिस की बढ़ी सख्ती : सदर थाना क्षेत्र में अवैध बजरी खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार की है। थानाधिकारी जयमल सिंह ने बताया कि 2025 में इसी अवधि (एक जनवरी से अब तक) में 15 प्रकरण दर्ज किए गए थे, जबकि 2026 में अब तक यह संख्या बढ़कर 31 प्रकरण हो चुकी है। यानी एक साल में कार्रवाई दोगुने से भी अधिक हो गई है। खास बात यह है कि पिछले एक माह में ही 12 नए प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इस दौरान पुलिस ने 11 ट्रैक्टर-ट्रॉली, 4 ट्रॉली और 1 मॉडिफाइड लोडर जब्त किया है। पुलिस का कहना है कि बजरी माफियाओं के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।