रामदेवरा (जैसलमेर) से 2 सितंबर को शुरू हुई 'लोकमंथन यात्रा' बुधवार को झालावाड़ पहुंची। शहरवासियों और विभिन्न संगठनों ने यात्रा का स्वागत किया। कार्यक्रम संयोजक सीताराम गौड़ ने बताया कि यात्रा सुबह 9:30 बजे पुराना मोटर गैराज चौराहा से शुरू होकर राजकीय पीजी कॉलेज के ऑडिटोरियम पहुंची। ऑडिटोरियम में मुख्य कार्यक्रम राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' के गायन से शुरू हुआ। इसमें राजस्थान की लोक परंपराओं और कलाओं का प्रदर्शन किया गया। कलाकारों ने संजा गायन, लोक संगीत और लोक कलाकार पूजा गाडोलिया ने लोक नृत्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के अंत में भंवरगढ़ (बारां) की मलखंभ टीम ने रोप मलखंभ पर करतब दिखाए। यात्रा के संयोजक डॉ. सत्यनारायण कुमावत ने इसके उद्देश्यों पर बात की। झालावाड़ के प्रभात ग्राम गुराड़ी में विभिन्न कार्यक्रमों के बाद यात्रा का समापन हुआ।