बाड़मेर | बाड़मेर के कुशल वाटिका स्थित राजहंस मंदिर परिसर में शनिवार को विशेष मेले का आयोजन हुआ। सैकड़ों श्रद्धालु दिनभर दर्शन और पूजा के लिए पहुंचे। मंदिर परिसर मुनिसुव्रत स्वामी के जयकारों से गूंजता रहा। कुशल वाटिका ट्रस्ट के उपाध्यक्ष रतनलाल संखलेचा व सहप्रचारमंत्री कपिल मालू के अनुसार कार्यक्रम साध्वी डॉ. नीलांजना और साध्वी मंडल की निश्रा में हुआ। सुबह 7.30 बजे से श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया। मेले में मुनिसुव्रत स्वामी मंदिर, दादावाड़ी, नवग्रह मंदिर, गुरु मंदिर और अन्य देवालयों में पूजा-अर्चना की गई। सुबह 8.30 बजे गिरनार भक्त मंडल ने शंखनाद और ढोल की धुन के साथ मूलनायक मुनिसुव्रत स्वामी की प्रतिमा का पक्षाल कराया।