सिरोही जिले के लोटीवाड़ा बड़ा राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल में आयोजित तीन दिवसीय 70वीं जिला स्तरीय 14 वर्षीय छात्र-छात्रा नेटबॉल एवं साइकिलिंग खेलकूद प्रतियोगिता का समापन हो गया। अंतिम परिणामों में नेटबॉल के छात्र और छात्रा दोनों वर्गों में सेंट पॉल स्कूल, शिवगंज ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि द लाईमा लर्निंग स्कूल ऑफ कैलाशनगर की दोनों वर्गों की टीमें दूसरे स्थान पर रहीं। समापन समारोह में पुरस्कार वितरण के साथ छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ समारोह का आगाज समापन समारोह के मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत नारादरा के प्रशासक वेलाराम मेघवाल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नारादरा के पदेन पंचायत प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी (PEEO) दूदाराम मेघवाल ने की। पीएमश्री राउमावि सवली के प्रधानाचार्य प्रभुलाल और शिवगंज पंचायत समिति सदस्य लीलाराम बामनिया विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। प्रतियोगिता पर्यवेक्षक एवं प्रधानाचार्य माडानी मांगीलाल, पूर्व सरपंच मदनसिंह देवड़ा और लाखसिंह भी मंच पर उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर की। इसके बाद स्थानीय स्कूल की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों और खेल प्रेमियों का अभिनंदन किया। नेटबॉल में सेंट पॉल स्कूल का दबदबा तीन दिनों तक चले रोमांचक मुकाबलों के बाद नेटबॉल के 14 वर्षीय छात्र और छात्रा दोनों वर्गों में सेंट पॉल स्कूल, शिवगंज की टीमों ने प्रथम स्थान हासिल किया। द लाईमा लर्निंग स्कूल ऑफ कैलाशनगर की छात्र और छात्रा टीमें दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि गुरुदेव बाल पब्लिक स्कूल झाड़ोली वीर की टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। साइकिलिंग में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम साइकिलिंग प्रतियोगिता के छात्रा वर्ग में दीक्षा कुमारी, विकास विद्या मंदिर करोटी ने प्रथम स्थान हासिल किया। पूर्णिमा और अभिलाषा ने भी शानदार प्रदर्शन किया। छात्र वर्ग में यशवर्धनसिंह देवड़ा, शंकर विद्यापीठ आबूराज, धीरज कलबी, कोजरा, कार्तिक प्रजापत और लक्ष्मण घाची, एचआरएम स्कूल जावाल ने अपनी-अपनी कैटेगरी में जीत हासिल की। विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और मेडल से किया सम्मानित समापन समारोह में अतिथियों ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया। निर्णायक मंडल ने निभाई अहम भूमिका प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में निर्णायक मंडल और विशिष्ट चयन समिति के सदस्यों का अहम योगदान रहा। इनमें नारायण सिंह देवड़ा, संपतलाल माली, क्षेत्र प्रतापसिंह भाटी, ओमप्रकाश कुमावत, विजय लक्ष्मी, ओमप्रकाश जटिया, ग़ालिब अली सैयद, उम्मेदसिंह देवड़ा, संदीप रावल, प्रकाशसिंह और मोहम्मद इकबाल टांक शामिल थे।