प्रदेश की पहली बालोतरा स्थित इंटीग्रेटेड रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल काम्पलेक्स का उद्घाटन 21 को प्रधानमंत्री करेंगे, जिसमें एलपीजी टैंकरों को हरी झंडी दिखाई जाएगी। इन टैंकरों ने भरतपुर की टीटागढ़ फैक्ट्री ने तैयार किया है। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कारपोरेशन लिमिटेड ने टीटागढ़ को 70 टैंकरों को आर्डर दिया है। जिसमें से 34 टैंकर रवाना कर दिए गए हैं। करीब 14 टैंकर पाइप लाइन में हैं। कंपनी अगले डेढ़ महीने में इस आर्डर को पूरा कर देगी। क्योंकि ईरान-अमेरिका युद्ध के कारण हार्मुज स्ट्रेट में आ रहे व्यवधान के कारण गैस और तेल की आपूर्ति प्रभावित हो रही है। इसलिए सरकार का प्रयास लोकल स्तर पर संसाधन का दोहन कर बढ़ावा देने का है। इसलिए एचपीसीएल और केंद्रीय मंत्रालय का पूरा दबाव है कि टैंकरों का निर्माण जल्द से जल्द किया जाए। इसलिए टीटागढ़ फैक्ट्री में इन दिनों व्हीकल टेंक फॉर पाश्चराइज्ड गैस लिक्वीफाइड मीडियम/एलपीजी टैंकर का निर्माण तेजी से हो रहा है। इसका उपयोग उन विशेष टैंकर वाहनों के लिए किया जाता है जो दबाव युक्त गैस यानी एलपीजी को सुरक्षित रूप से एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाते हैं। दबाव युक्त गैस होने के कारण इन्हें विशेष विधि से विशेषज्ञों की निगरानी में तैयार किया जा रहा है। अतिरिक्त स्टाफ लगाया गया है। एक टैंकर की क्षमता 67.5 मैट्रिक टन है। यानी करीब 3552 सिलेंडर रिफिल किया जा सकते हैं। इनकी पहली खेप भेजी जा चुकी है। उल्लेखनीय है कि टीटागढ़ फैक्ट्री अभी तक रेलवे के लिए बैगन्स और लोको बनाने के लिए विख्यात थी। अब एलपीजी टैंकर भी बना रही है। कंपनी के सीओओ सेवानिवृत ब्रिगेडियर परवेंद्र सिंह ने बताया कि हाल ही में फैक्ट्री को 70 वीटीपीजीएलएम वैगन्स का आर्डर मिला है। जिसमें 34 टैंकर एचपीसीएल को भेज दिए गए हैं। खरमास 14 अप्रैल को समाप्त हो जाएगा और 15 से शादी-विवाह सहित मांगलिक कार्य प्रारंभ हो जाएंगे। एलपीजी की किल्लत को देखते हुए रसद विभाग ने विवाह आयोजनकर्ताओं को रसोई गैस मुहैया कराने की विशेष पहल की है, जिसमें शादी का कार्ड प्रस्तुत करने पर शहरी क्षेत्र में 3 और ग्रामीण क्षेत्र में 2 कमर्शियल सिलेंडर मुहैया कराए जाएंगे। डीएसओ पवन अग्रवाल ने बताया कि अब तक शादी के करीब 16 कार्ड आए हैं। जिन्हें उपलब्धता के आधार पर सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उपभोक्ता को सिक्योरिटी जमा करानी होगी। उल्लेखनीय है कि शहर में 310 कमर्शियल कनेक्शन है। इसके अलावा घरेलु गैस के 3.44 लाख कनेक्शन है। अभी 3 से 4 दिन का बैकलाग चल रहा है।