सीकर शहर का रहने वाला एक युवक पिछले कई दिनों से कोचिंग जाने वाली दो लड़कियों का पीछा कर रहा था। उन्हें देखकर वह गंदे-गंदे इशारे करता। आज सीकर पुलिस की कालिका टीम ने आरोपी को लुहारू स्टैंड से दबोच लिया। इसके बाद उसे कोतवाली पुलिस के हवाले किया गया है। कालिका टीम की किरण ने बताया कि करीब 4 से 5 दिन पहले कोचिंग जाने वाली लड़कियों के परिजनों ने सूचना दी कि एक युवक लड़कियों का रास्ता रोकता है और उन्हें गंदे-गंदे इशारे करता है। सूचना के बाद आरोपी की बाइक के नंबरों के आधार पर उसका पता लगाया गया। आज जब दोनों लड़कियां कोचिंग जा रही थी तब आरोपी लुहारू स्टैंड के पास आकर उनका पीछा करने लगा। ऐसे में दोनों लड़कियों ने इसकी सूचना कालिका टीम को दी। कालिका टीम तुरंत मौके पर पहुंची। इसके बाद आरोपी युवक रिजवान को कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया गया। कोतवाली पुलिस उसे थाने पर लेकर गई है। किरण ने बताया की कार्रवाई में टीम की सुभीता,तारामणि, संतोष शामिल रही। यदि कोई लड़का किसी लड़की से इस तरह की छेड़छाड़ करता है तो इसकी सूचना टीम को दें। टीम तुरंत उस पर कार्रवाई करेगी।