भीलवाड़ा के महात्मा गांधी हॉस्पिटल में हाल ही में हुई प्रसूताओं की मौतों के मामले में शुक्रवार शाम सर्व समाज ने न्याय की मांग को लेकर भीमगंज थाना से श्री चारभुजानाथ बड़ा मंदिर तक पदयात्रा निकाली। यात्रा के दौरान आमजन को जागरूक करने के लिए पैंपलेट और प्रार्थना पत्र बांटे गए। पदयात्रा के समापन पर भगवान श्री चारभुजानाथ के चरणों में प्रार्थना पत्र अर्पित कर पीड़ित परिवारों को न्याय, निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ की नारेबाजी पदयात्रा में शामिल लोगों ने शहर के मुख्य बाजारों से गुजरते हुए हॉस्पिटल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की और प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि प्रसूताओं की लगातार हो रही मौतों ने पूरे समाज को झकझोर दिया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय होना जरूरी है। भगवान के चरणों में रखा प्रार्थना पत्र पदयात्रा का समापन श्री चारभुजानाथ बड़ा मंदिर में हुआ। यहां सर्व समाज के लोगों ने भगवान श्री चारभुजानाथ के चरणों में सामूहिक प्रार्थना की। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों को सद्बुद्धि मिलने, पूरे मामले का सच सामने आने, दोषियों को सजा मिलने और पीड़ित परिवारों को जल्द न्याय मिलने की प्रार्थना की। इस दौरान भगवान के चरणों में एक प्रार्थना पत्र भी अर्पित किया गया। निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग सर्व समाज ने कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि सत्य, न्याय, जवाबदेही और मानव जीवन की रक्षा के लिए है। समाज ने पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कराने, दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों को न्याय मिलने, दोषियों की जवाबदेही तय होने और मातृ मृत्यु के हर मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित होने तक यह जनआंदोलन लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहेगा। बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद इस दौरान रितेश गुर्जर, पवन त्रिपाठी, राघव कोठारी, रवि पंडित, जीतू गुर्जर, सिद्धार्थ पाराशर, लोकेश खटीक, राजेंद्र सिंह, विजेश खटीक, मोनू सेन, हिमांशु सेन, सुनील खटीक, देवदत्त पाराशर, रविन्द्र धाकड़, लोकपाल प्रजापत, पवन व्यास, बनवारी गाडरी, पूरन गाडरी, मुकेश जांगिड़, महेश शर्मा, दिलीप यादव, अनिल सोनी, सुधांशु जैन, यदुवेन्द्र सिंह, नवीन जोशी, संजय गुर्जर, कौशल पारीक, ललित देवनानी, आनंद शर्मा, पूरण तेली, गोपाल साहू, दिनेश गाडरी, राहुल गाडरी और रमेश धोबी सहित सर्व समाज के कई लोग मौजूद रहे।