कोटा में दिनदहाड़े बदमाशों ने एक महिला की चेन स्नेचिंग की। शहर के महावीर नगर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह 6:30 बजे की घटना है। बाइक सवार बदमाशों ने एक डॉक्टर की पत्नी से सोने की चेन लूटने का प्रयास किया। हालांकि गनीमत रही कि बदमाश अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके। घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई। महावीर नगर थाना एसआई भूपेंद्र सिंह ने बताया- महावीर नगर इलाके में ओपेरा अस्पताल के एक डॉक्टर की पत्नी भारती पैदल जा रही थीं। तभी तीन बदमाश मोटरसाइकिल पर सवार होकर उनके पास पहुंचे। सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि बदमाश पहले बाइक पास लाए और फिर पीछे बैठे एक बदमाश ने महिला के गले की चेन पर झपट्टा मारा। महिला की सतर्कता और प्रतिक्रिया के चलते बदमाश चेन नहीं छीन पाए और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़िता ने महावीर नगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। CCTV कैमरे देख जांच कर रही पुलिस महावीर नगर थाना एसआई भूपेंद्र सिंह ने बताया- बदमाशों द्वारा चेन स्नेचिंग का प्रयास असफल रहा है, लेकिन आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है, ताकि बदमाशों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।