महवा-मंडावर रोड पर रसीदपुर मोटी नीव से केशरा चौराहे तक निर्माणाधीन सड़क की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि सड़क निर्माण में निर्धारित मानकों की अनदेखी की जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार, सड़क निर्माण में रोड़ी (गिट्टी) के बजाय पहाड़ की खुरचन और मिट्टी का उपयोग किया जा रहा है। उनका कहना है कि सड़क के कुछ हिस्सों में रोड़ी का इस्तेमाल हुआ है, जबकि अन्य जगहों पर घटिया सामग्री डाली जा रही है। इस घटिया सामग्री के उपयोग से सड़क की मजबूती और टिकाऊपन पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने कहना है कि अधिकारी निर्माण कार्य का नियमित निरीक्षण नहीं कर रहे हैं, जिससे ठेकेदार मनमानी कर रहा है। ग्रामीणों ने मांग की है कि निर्माण सामग्री की तत्काल तकनीकी जांच कराई जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि गुणवत्ता में कमी या मानकों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। लोगों का कहना है कि सरकारी धन से बनने वाली सड़कों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए, क्योंकि यह सीधे तौर पर जनता के पैसे का दुरुपयोग है।