राजसमंद के कुंभलगढ़ क्षेत्र में स्थित मजेरा गांव की करीब 200 बीघा बेशकीमती चारागाह भूमि पर कुछ दबंगों द्वारा अवैध कब्जा किए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि कब्जाधारियों ने जेसीबी मशीन से पहाड़ को काटकर भूमि का समतलीकरण कर दिया है और अब सुनियोजित तरीके से प्लॉट काटने की तैयारी की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने इसका विरोध किया, लेकिन दबंग अपनी गतिविधियां बंद नहीं कर रहे हैं और दिन-रात अवैध कब्जे का कार्य जारी है। ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में तहसीलदार एवं उपखंड अधिकारी को भी लिखित ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की गई थी, लेकिन कोई प्रभावी कदम नहीं उठाए जाने से कब्जाधारियों के हौसले और बढ़ गए। मामले को लेकर शुक्रवार को ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल जिला मुख्यालय पहुंचा। ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन किया और जिला कलेक्टर के नाम एडीएम नरेश बुनकर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में चारागाह भूमि को तत्काल अतिक्रमण से मुक्त कराने, अवैध समतलीकरण रुकवाने तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की गई।