मकराना के ग्राम पंचायत खारड़िया में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर एक परिवार के लिए खुशियों की सौगात बन गया। गांव निवासी 49 वर्षीय ओमप्रकाश पुत्र मदनलाल ब्राह्मण को वर्षों से लंबित उनके पुश्तैनी मकान का पट्टा जारी किया गया। इसके साथ ही केंद्र सरकार की स्वामित्व योजना के तहत उनकी पुश्तैनी आबादी भूमि का स्वामित्व कार्ड भी प्रदान किया गया। ओमप्रकाश ने बताया कि आजादी के बाद से उनके परिवार को पुश्तैनी मकान का पट्टा नहीं मिल पाया था। उन्होंने ग्रामीण सेवा शिविर में पट्टा जारी करने के लिए आवेदन किया था। आवेदन प्राप्त होने के बाद ग्राम पंचायत ने त्वरित जांच कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की और मौके पर ही पट्टा जारी कर दिया। साथ ही स्वामित्व योजना के तहत स्वामित्व कार्ड भी उपलब्ध कराया गया। पट्टा और स्वामित्व कार्ड मिलने से अब परिवार को अपनी संपत्ति का कानूनी अधिकार प्राप्त हो गया है। इससे भविष्य में विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के साथ ही संपत्ति संबंधी कार्यों में भी सुविधा मिलेगी। ओमप्रकाश ने राज्य सरकार और ग्राम पंचायत का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होने से पूरे परिवार में खुशी का माहौल है।