जीवनशैली से जुड़ी गंभीर बीमारियों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से 'हेल्दी स्माइल्स ग्रुप' की ओर से मालवीय नगर स्थित इटरनल हॉस्पिटल के सभागार में 'मधुमेह एवं हृदय रोगों से बचाव और उपचार' विषय पर एक विशेष जनजागरूकता चर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शहर के नागरिकों, चिकित्सा विशेषज्ञों और गणमान्य लोगों ने भाग लेकर स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। कार्यक्रम में प्रसिद्ध मधुमेह रोग विशेषज्ञ डॉ. शैलेश लोढ़ा और हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. जितेंद्र सिंह मक्कर ने मधुमेह और हृदय रोगों के बढ़ते मामलों, उनके कारणों, शुरुआती लक्षणों, आधुनिक उपचार पद्धतियों तथा बचाव के प्रभावी उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बदलती जीवनशैली, असंतुलित खान-पान, तनाव और शारीरिक गतिविधियों की कमी के कारण ये दोनों बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। यदि समय रहते नियमित जाँच, संतुलित आहार, व्यायाम और स्वस्थ दिनचर्या अपनाई जाए, तो इन बीमारियों से काफी हद तक बचा जा सकता है। चर्चा के दौरान हेल्दी स्माइल्स ग्रुप के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. समीर शर्मा ने आमजन की ओर से विशेषज्ञों से विभिन्न सवाल पूछे। विशेषज्ञों ने सरल भाषा में उनके जवाब देते हुए मधुमेह और हृदय रोगों से जुड़ी कई भ्रांतियों को भी दूर किया। उन्होंने बताया कि मधुमेह और हृदय रोग एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं, इसलिए दोनों के प्रति समान रूप से सतर्क रहना आवश्यक है। कार्यक्रम का संचालन हेल्दी स्माइल्स ग्रुप के सचिव डॉ. बलविंदर सिंह ठक्कर ने किया। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल दंत स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि समाज को समग्र स्वास्थ्य के प्रति भी जागरूक करना है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। चर्चा सत्र में उपस्थित लोगों ने विशेषज्ञों से सीधे सवाल पूछकर अपनी स्वास्थ्य संबंधी जिज्ञासाओं का समाधान किया। कार्यक्रम में मौजूद शहर के गणमान्य नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जन-स्वास्थ्य के लिए बेहद उपयोगी बताया। कार्यक्रम के अंत में हेल्दी स्माइल्स ग्रुप ने भविष्य में भी स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े ऐसे संवादात्मक कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।