कोटा शहर के गुमानपुरा थाना क्षेत्र स्थित एरोड्राम थोक फल-सब्जी मंडी में गुरुवार तड़के दबंगों का आतंक देखने को मिला। बदमाशों ने एक व्यापारी के मुनीम के साथ मारपीट कर नकदी लूट ली और पुलिस में शिकायत करने पर गोली मारने की धमकी दी। पूरी घटना मंडी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जानकारी के अनुसार मंडी की दुकान नंबर बी-65 कैलाश फ्रूट एंड वेजिटेबल कंपनी पर सुबह करीब 3:20 बजे मुनीम शांतिलाल प्रजापति किसानों को भुगतान कर रहे थे। इसी दौरान साबिर अली उर्फ भूरी के 4 से 5 सदस्य वहां पहुंचे। इनमें कल्लू उर्फ तिलक माहावर और भय्यू नाम के युवकों की पहचान सामने आई है। मारपीट के बाद 2 हजार रुपए भी लूट ले गए बदमाश आरोप है कि बदमाशों ने आते ही 500 रुपए की मांग की और कहा कि यह रकम साबिर उर्फ भूरी ने मंगवाई है। मुनीम द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर मारपीट करने लगे। पीड़ित के अनुसार बदमाशों ने मारपीट के दौरान करीब 2 हजार रुपए से भरा थैला भी छीन लिया। जाते समय आरोपी जान से मारने और गोली मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घटना को लेकर व्यापारियों में आक्रोश घटना के बाद मंडी व्यापारियों में भय और आक्रोश का माहौल है। व्यापारियों का कहना है कि मंडी में पहले भी कई बार हफ्ता वसूली और मारपीट की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। देर रात खुलने वाली इस मंडी में ठेला चालकों और व्यापारियों से दबंगों द्वारा वसूली की जाती है। गुमानपुरा थाना अधिकारी महेश कारवाल ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो चुकी है। आरोपी मंडी में ही काम करते हैं और पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करेगी।