मण्डरायल उपखंड मुख्यालय के किला क्षेत्र में लेपर्ड की आवाजाही से ग्रामीणों में चिंता है। लेपर्ड ने किले के आसपास के गांवों में कई पालतू पशुओं को अपना शिकार बनाया है। ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग को सूचना देने के बावजूद टीम मौके पर नहीं पहुंची। ग्रामीणों के अनुसार लेपर्ड पिछले कुछ दिनों से किला क्षेत्र और आसपास के गांवों में लगातार देखा जा रहा है। अब तक उसने गाय के बछड़ों और कई कुत्तों का शिकार किया है। इसके कारण ग्रामीण शाम ढलने के बाद घरों से बाहर निकलने में सतर्कता बरत रहे हैं। लेपर्ड की गतिविधियां भटपुरा, रानीपुरा, मकनपुर, शेखपुरा और मण्डरायल कस्बे के आसपास लगातार देखी जा रही हैं। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने कई बार वन विभाग के अधिकारियों को इसकी सूचना दी है। ग्रामीणों का कहना है कि समय पर कार्रवाई नहीं होने से उनमें असंतोष है। उन्होंने वन विभाग से प्रभावित क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, लेपर्ड की निगरानी करने और उसे सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ने की मांग की है। लोगों ने यह भी कहा कि यदि जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी रहेगी।